चौक नगर पंचायत विवाद : सभासद और अध्यक्ष प्रतिनिधि पर घूस का आरोप को अजय ने कहा आरोप निराधार और राजनीति से प्रेरित
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 09 Nov, 2024
- 916
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज 9 नवम्बर। चौक नगर पंचायत के सभासद और नगर पंचायत अध्यक्ष के राजनीतिक प्रतिनिधि अजय कुमार ने आरोप लगाया है कि एक ठेकेदार द्वारा उन्हें घूस देने का आरोप झूठा और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। अजय कुमार ने स्पष्ट किया कि यह आरोप केवल उनके खिलाफ दवाब बनाने और उनकी सामाजिक व राजनीतिक छवि को धूमिल करने के लिए लगाए गए हैं।
अजय कुमार ने कहा कि आरोप लगाने वाले व्यक्ति, संदीप त्रिपाठी, जिनका संबंध ठेकेदारी कार्यों से रहा है, ने दबाव बनाकर टेंडर मैनेज करने और फर्जी भुगतान करवाने की कोशिश की थी, जिसे नगर पंचायत अध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से नकार दिया था। इसके बाद, 6 नवंबर 2024 को उनके खिलाफ मानक के उल्लंघन के चलते एक नोटिस भी जारी किया गया था।
अजय कुमार ने बताया कि आरोप लगाने वाले व्यक्ति संदीप त्रिपाठी ने विगत माह फरवरी 2024 तक नगर पंचायत में कार्यों के दौरान उनसे मजदूरी और सामग्री के भुगतान के लिए कुल 6,77,500 रुपये उधार लिए थे। चूंकि यह राशि बड़ी थी, इसलिए इसके लिए एक कानूनी अनुबंध भी किया गया था। इसके बाद, जब अजय कुमार ने उधार की राशि की मांग की, तो संदीप त्रिपाठी ने 18 जुलाई 2024 को 4,77,500 रुपये का भुगतान चेक के माध्यम से किया था, लेकिन 2,00,000 रुपये का भुगतान अभी भी लंबित है।
अजय कुमार ने कहा कि यह पूरा मामला निजी लेन-देन का है और इसको घूस या रिश्वत का नाम देना गलत है। उन्होंने चुनौती दी कि जैसा संदीप त्रिपाठी ने उनका चेक सार्वजनिक किया है, वैसे ही वह अपने बैंक खाते का स्टेटमेंट भी सार्वजनिक करें, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घूस और रिश्वत का खेल किसने और कहां खेला है।
अजय कुमार ने पूछा कि "क्या आरोप लगाने वाले व्यक्ति ने काम की गुणवत्ता या मानक में कोई कमी की थी, जिसके डर से वे मुझे घूस देंगे?" और "अगर यह लेन-देन निजी था, तो उसे घूस का नाम देने में इतना समय क्यों लगा?"
अजय कुमार ने यह भी कहा कि यह आरोप केवल इसलिए लगाए गए हैं ताकि उन पर दबाव डाला जा सके और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।
यह पूरा मामला नगर पंचायत चौक के ठेकेदारों और स्थानीय नेताओं के बीच के राजनीतिक खेल का हिस्सा माना जा रहा है।

